October 7, 2026

आज दुनिया भारत के पायलट की बात कर रही, कल ‘मेड इन इंडिया’ विमान की बात करेगी: PM मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में देश के भविष्य को लेकर बड़ा भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि भारत में चुनौतियां हैं लेकिन 140 करोड़ समाधान भी हैं. पीएम मोदी ने कहा, ‘आज दुनिया भारत के पायलट की बात कर रही है. एक दिन ऐसा भी आएगा जब दुनिया ‘मेड इन इंडिया’ विमान की बात करेगी. ये लक्ष्य दूरदर्शी नीतियों और लगातार कड़ी मेहनत से हासिल किए जाएंगे. भारत के सामने चुनौतियां हो सकती हैं लेकिन हमारे पास 140 करोड़ समाधान भी हैं.’

पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरबिंदो का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि एक दिन, एक अद्भुत, गौरवशाली और महान भारत का उदय होगा. महर्षि अरबिंदो ने भी कहा था कि भारत के भाग्य का सूरज जरूर उगेगा और उसकी रोशनी पूरे विश्व को आलोकित करेगी. अदम्य साहस और अमिट जिजीविषा में तपे हमारे वो पूर्वज, हम उन्हीं की संतान हैं, उन्हीं के तप, त्याग और बलिदानों का परिणाम है.’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज हमारे पास एक ऐसा देश है, जहां हमारे सपने स्वतंत्र हैं और उन्हें पूरा करने का सामर्थ्य भी हमारे पास है. आज ही हम खुद ही अपनी नियति के नियंता हैं.’ उन्होंने कहा कि अब देश के लिए बड़े और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने का समय है. उन्होंने कहा, ‘यह हमारे देश के लिए बड़े लक्ष्य तय करने का समय है. ऐसे लक्ष्य जो असाधारण और महत्वाकांक्षी हों. एक बेहतर भारत. दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत. गरीबी से मुक्त भारत. हर क्षेत्र में नेतृत्व करने वाला भारत. चाहे शिक्षा हो, मनोरंजन, स्वास्थ्य और कल्याण, खेल, इनोवेशन या टेक्नोलॉजी, दुनिया भारत की ओर देखे. हमारे लक्ष्य ऐसे होने चाहिए कि हर क्षेत्र में तिरंगा गर्व के साथ लहराए.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed